24 अप्रैल 2026 भारतीय राजनीति में बड़े उलटफेर के तौर पर दर्ज हो गया है। आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के एक साथ इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
यह घटनाक्रम पार्टी में नेतृत्व रणनीति और भरोसे पर सीधा असर माना जा रहा है। अब पार्टी के सामने पंजाब में सरकार की स्थिरता बनाए रखने के साथ संगठन को एकजुट रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
दस में से सात सांसदों ने छोड़ा साथ
पार्टी के 10 में से 7 सांसदों के जाने से राज्यसभा में आप की स्थिति कमजोर हुई है। पंजाब से राघव चड्ढा संदीप पाठक और अशोक मित्तल जैसे चेहरे पार्टी की रणनीति और संगठन दोनों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। राघव चड्ढा जहां विधायकों और मंत्रियों के संपर्क में रहते थे वहीं संदीप पाठक को संगठन का रणनीतिक दिमाग माना जाता था। अशोक मित्तल का प्रभाव संगठन के साथ आर्थिक मोर्चे पर भी मजबूत रहा है और वे कई नेताओं को पार्टी में लाने में सक्रिय रहे हैं।